शनिवार, 25 जनवरी 2025

अध्याय 2 : गीता का सार (श्लोक 2 . 16)

अध्याय 2 : गीता का सार

श्लोक 2 . 16


नासतो विद्यते भावो नाभावो विद्यते सतः |

उभयोरपि दृष्टोSन्तस्त्वनयोस्तत्त्वदर्शिभिः १६


Translation by His Divine Grace Srila A C Bhaktivedanta Swami Prabhupada

Those who are seers of the truth have concluded that of the nonexistent [the material body] there is no endurance and of the eternal [the soul] there is no change. This they have concluded by studying the nature of both.


भावार्थ

तत्त्वदर्शियों ने यह निष्कर्ष निकाला है कि असत् (भौतिक शरीर) का तो कोई चिरस्थायित्व नहीं है, किन्तु सत् (आत्मा) अपरिवर्तित रहता है | उन्होंने इन दोनों की प्रकृति के अध्ययन द्वारा यह निष्कर्ष निकाला है |


तात्पर्य

परिवर्तनशील शरीर का कोई स्थायित्व नहीं है | आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की ने भी यह स्वीकार किया है कि विभिन्न कोशिकाओं की क्रिया-प्रतिक्रिया द्वारा शरीर प्रतिक्षण बदलता रहता है | इस तरह शरीर में वृद्धि तथा वृद्धावस्था आती रहती है | किन्तु शरीर तथा मन में निरन्तर परिवर्तन होने पर भी आत्मा स्थायी रहता है | यही पदार्थ तथा आत्मा का अन्तर है | स्वभावतः शरीर नित्य परिवर्तनशील है और आत्मा शाश्र्वत है | तत्त्वदर्शियों ने, चाहे निर्विशेषवादी हों या सगुणवादी, इस निष्कर्ष की स्थापना की है | विष्णु-पुराण में (२.१२.३८) कहा गया है कि विष्णु तथा उनके धाम स्वयंप्रकाश से प्रकाशित हैं – (ज्योतींषि विष्णुर्भुवनानि विष्णुः) | सत् तथा असत् शब्द आत्मा तथा भौतिक पदार्थ के ही द्योतक हैं | सभी तत्त्वदर्शियों की यह स्थापना है |


यहीं से भगवान् द्वारा अज्ञान से मोहग्रस्त जीवों को उपदेश देने का शुभारम्भ होती है | अज्ञान को हटाने के लिए अराधक और आराध्य के बीच पुनः शाश्र्वत सम्बन्ध स्थापित करना होता है और फिर अंश-रूप जीवों तथा श्रीभगवान् के अन्तर को समझना होता है | कोई भी व्यक्ति आत्मा के अध्ययन द्वारा परमेश्र्वर के स्वभाव को समझ सकता है – आत्मा तथा परमात्मा का अन्तर अंश तथा पूर्ण के अन्तर के रूप में है | वेदान्त-सूत्र तथा श्रीमद्भागवत में परमेश्र्वर को समस्त उद्भवों (प्रकाश) का मूल माना गया है | ऐसे अद्भओं का अनुभव परा तथा अपरा प्राकृतिक-क्रमों द्वारा किया जाता है | जीव का सम्बन्ध परा प्रकृति से है, जैसा कि सातवें अध्याय से स्पष्ट होगा | यद्यपि शक्ति तथा शक्तिमान में कोई अन्तर नहीं है, किन्तु शक्तिमान को परम माना जाता है और शक्ति या प्रकृति को गौण | अतः सारे जीव उसी तरह परमेश्र्वर के सदैव अधीन रहते हैं जिस तरह सेवक स्वामी के या शिष्य गुरु के अधीन रहता है | अज्ञानावस्था में ऐसे स्पष्ट ज्ञान को समझ पाना असम्भव है | अतः ऐसे अज्ञान को दूर करने के लिए सदा सर्वदा के लिए जीवों को प्रवृद्ध करने हेतु भगवान् भगवद्गीता का उपदेश देते हैं |