अध्याय 12 : भक्तियोग
श्लोक 12.6 - 7
ये तु सर्वाणि कर्माणि मयि सन्न्यस्य मत्पराः |
अनन्ये नैव योगेन मां ध्यायन्त उपासते ६
तेषाम हं समुद्धर्ता मृत्युसंसारसागरात् |
भवामि न चिरात्पार्थ मय्यावेशितचेतसाम् ७
Translation by His Divine Grace Srila A C Bhaktivedanta Swami Prabhupada
But those who worship Me, giving up all their activities unto Me and being devoted to Me without deviation, engaged in devotional service and always meditating upon Me, having fixed their minds upon Me, O son of Pṛthā – for them I am the swift deliverer from the ocean of birth and death.
भावार्थ
जो अपने सारे कार्यों को मुझमें अर्पित करके तथा अविचलित भाव से मेरी भक्ति करते हुए मेरी पूजा करते हैं और अपने चित्तों को मुझ पर स्थिर करके निरन्तर मेरा ध्यान करते हैं, उनके लिए हे पार्थ! मैं जन्म-मृत्यु के सागर से शीघ्र उद्धार करने वाला हूँ |
तात्पर्य
यहाँ पर स्पष्ट कहा गया है कि भक्तजन अत्यन्त भाग्यशाली हैं कि भगवान् उनका इस भवसागर से तुरन्त ही उद्धार कर देते हैं | शुद्ध भक्ति करने पर मनुष्य को इसकी अनुभूति होने लगती है कि ईश्र्वर महान हैं और जीवात्मा उनके अधीन है | उसका कर्त्तव्य है कि वह भगवान् की सेवा करे और यदि वह ऐसा नहीं करता, तो उसे माया की सेवा करनी होगी |
जैसा पहले कहा जा चूका है कि केवल भक्ति से परमेश्र्वर को जाना जा सकता है | अतएव मनुष्य को चाहिए कि वह पूर्ण रूप से भक्त बने | भगवान् को प्राप्त करने के लिए वह अपने मन को कृष्ण में पूर्णतया एकाग्र करे | वह कृष्ण के लिए ही कर्म करे | चाहे वह जो भी कर्म करे लेकिन वह कर्म केवल कृष्ण के लिए होना चाहिए | भक्ति का यही आदर्श है | भक्त भगवान् को प्रसन्न करने के अतिरिक्त और कुछ भी नहीं चाहता | उसके जीवन का उद्देश्य कृष्ण को प्रसन्न करना होता है और कृष्ण की तुष्टि के लिए वह सब कुछ उत्सर्ग कर सकता है जिस प्रकार अर्जुन ने कुरुक्षेत्र के युद्ध में किया था | यह विधि अत्यन्त सरल है | मनुष्य अपने कार्य में लगा रः कर हरे कृष्ण महामन्त्र का कीर्तन कर सकता है | ऐसे दिव्य कीर्तन से भक्त भगवान् के प्रति आकृष्ट हो जाता है |
यहाँ पर भगवान् वचन देते हैं कि वे ऐसे शुद्ध भक्त को तुरन्त ही भवसागर से उद्धार कर देंगे | जो योगाभ्यास में बढ़े चढ़े हैं, वे योग द्वारा अपनी आत्मा को इच्छानुसार किसी भी लोक में ले जा सकते हैं और अन्य लोग इस अवसर को विभिन्न प्रकार से उपयोग में लाते हैं, लेकिन जहाँ तक भक्त का सम्बन्ध है, उसके लिए यहाँ यह स्पष्ट कहा गया है कि स्वयं भगवान् ही उसे ले जाते हैं | भक्त को वैकुण्ठ में जाने के पूर्व अनुभवी बनने के लिए प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती | वराह पुराण में एक श्लोक आया है -
नयामि परमं स्थानमर्चिरादिगतिं विना |
गरुडस्कन्धमारोप्य यथेच्छमनिवारितः ||
तात्पर्य यह है कि वैकुण्ठलोक में आत्मा को ले जाने के लिए भक्त को अष्टांगयोग साधने की आवश्यकता नहीं है | इसका भार भगवान् स्वयं अपने ऊपर लेते हैं | वे यहाँ पर स्पष्ट कर रहे हैं कि वे स्वयं ही उद्धारक बनते हैं | बालक अपने माता-पिता द्वारा अपने आप रक्षित होता रहता है, जिससे उसकी स्थिति सुरक्षित रहती है | इसी प्रकार भक्त को योगाभ्यास द्वारा अन्य लोकों में जाने के लिए प्रयत्न करने की आवश्यकता नहीं होती, अपितु भगवान् अपने अनुग्रहवश स्वयं ही अपने पक्षीवाहन गरुड़ पर सवार होकर तुरन्त आते हैं और भक्त को भवसागर से उबार लेते हैं | कोई कितना ही कुशल तैराक क्यों न हो, और कितना ही प्रयत्न क्यों न करे, किन्तु समुद्र में गिर जाने पर वह अपने को नहीं बचा सकता | किन्तु यदि कोई आकर उसे जल से बहार निकाल ले, तो वह आसानी से बच जाता है | इसी प्रकार भगवान् भक्त को इस भवसागर से निकाल लेते हैं | मनुष्य को केवल कृष्णभावनामृत की सुगम क=विधि का अभ्यास करना होता है , और अपने आपको अनन्य भक्तिमें प्रवृत्त करना होता है | किसी भी बुद्धिमान व्यक्ति को चाहिए कि वह अन्य समस्त मार्गों की अपेक्षा भक्तियोग को चुने |
नारायणीय में इसकी पुष्टि इस प्रकार हुई है
-या वै साधनसम्पत्तिः पुरुषार्थचतुष्टये |
तया विना तदाप्नोति नरो नारायणाश्रयः ||
इस श्लोक का भावार्थ यह है कि मनुष्य को चाहिए कि वह न तो सकाम कर्म की विभिन्न विधियों में उलझे, न ही कोरे चिंतन से ज्ञान का अनुशीलन करे | जो परम भगवान् की भक्ति में लीन है, वह उन समस्त लक्ष्यों को प्राप्त करता है जो अन्य योग विधयों, चिन्तन, अनुष्ठानों, यज्ञों, दानपुण्यों आदि से प्राप्त होने वाले हैं | भक्ति का यही विशेष वरदान है |
केवल कृष्ण के पवित्र नाम - हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे, हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे - का कीर्तन करने से ही भक्त सरलता तथा सुखपूर्वक परम धाम को पहुँच सकता है | लेकिन इस धाम को अन्य किसी धार्मिक विधि द्वारा प्राप्त नहीं किया जा सकता |
भगवद्गीता का निष्कर्ष अठारहवें अध्याय में इस प्रकार व्यक्त हुआ है -
सर्वधर्मान् परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज |
अहम् त्वां सर्वपापेभ्यो मोक्षयिष्यामि मा शुचः ||
आत्म-साक्षात्कार की अन्य समस्त विधियों को त्याग कर केवल कृष्णभावनामृत में भक्ति सम्पन्न करनी चाहिए | इससे जीवन की चरम सिद्धि प्राप्त की जा सकती है | मनुष्य को अपने गत जीवन के पाप कर्मों पर विचार करने की आवश्यकता नहीं रः जाती, क्योंकि उसका उत्तरदायित्व भगवान् अपने ऊपर ले लेते हैं | अतएव मनुष्य को व्यर्थ ही आध्यात्मिक अनुभूति में अपने उद्धार का प्रयत्न नहीं करना चाहिए | प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह परम शक्तिमान ईश्र्वर कृष्ण की शरण ग्रहण करे | यही जीवन की सर्वोच्च सिद्धि है |
