अध्याय 10 : श्रीभगवान् का ऐश्वर्य
श्लोक 10 . 32
सर्गाणामादिरन्तश्र्च मध्यं चैवाहमर्जुन |
अध्यात्मविद्या विद्यानां वादः प्रवदतामहम् ३२
Translation by His Divine Grace Srila A C Bhaktivedanta Swami Prabhupada
Of all creations I am the beginning and the end and also the middle, O Arjuna. Of all sciences I am the spiritual science of the self, and among logicians I am the conclusive truth.
भावार्थ
हे अर्जुन! मैं समस्त सृष्टियों का आदि, मध्य और अन्त हूँ | मैं समस्त विद्याओं में अध्यात्म विद्या हूँ और तर्कशास्त्रियों में मैं निर्णायक सत्य हूँ |
तात्पर्य
सृष्टियों में सर्वप्रथम समस्त भौतिक तत्त्वों की सृष्टि की जाती है | जैसा कि पहले बताया जा चुका है, यह दृश्यजगत महाविष्णु “गर्भोदकशायी विष्णु तथा क्षीरदकशायी विष्णु द्वारा उत्पन्न और संचालित है | बाद में इसका संहार शिवजी द्वारा किया जाता है | ब्रह्मा गौण स्त्रष्टा हैं | सृजन, पालन तथा संहार करने वाले ये सारे अधिकारी परमेश्र्वर के भौतिक गुणों के अवतार हैं | अतः वे ही समस्त सृष्टि के आदि, मध्य तथा अन्त हैं |
.
उच्च विद्या के लिए ज्ञान के अनेक ग्रंथ हैं, यथा चारों वेद, उनके छह वेदांग, वेदान्त सूत्र, तर्क ग्रंथ, धर्मग्रंथ, पुराण | इस प्रकार कुल चौदह प्रकार के ग्रंथ हैं | इनमें से अध्यात्म विद्या सम्बन्धी ग्रंथ, विशेष रूप से वेदान्त सूत्र, कृष्ण का स्वरूप है |
तर्कशास्त्रियों में विभिन्न प्रकार के तर्क होते रहते हैं | प्रमाण द्वारा तर्क की पुष्टि, जिससे विपक्ष का भी समर्थन हो, जल्प कहलाता है | प्रतिद्वन्द्वी को हारने का प्रयास मात्र वितण्डा है, किन्तु वास्तविक निर्णय वाद कहलाता है | यह निर्णयात्मक सत्य कृष्ण का स्वरूप है |
